महासमुंद: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलसोंडा में बीते कुछ महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्कूल की प्राचार्य ने अज्ञात चोर के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध 305(e)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्राचार्य शोभसिंह देव, पति देवेश सिंह देव (आयु 60 वर्ष), निवासी ग्राम मुढेना ने पुलिस को बताया कि स्कूल में फरवरी से लेकर नवम्बर 2024 तक कई वस्तुएं चोरी हो चुकी हैं।
चोरी की गई वस्तुएं इस प्रकार हैं:
- 19 फरवरी 2024: लोहे की एक खिड़की और एक दरवाज़ा
- 10 सितंबर 2024: दो माइक्रोस्कोप (क्रमांक Ge29E-58498 व Ge29E-59499), बोरवेल्स की 150 मीटर केबल
- 15 अक्टूबर 2024: 6 ट्री गार्ड
- 17 नवंबर 2024: कबाड़ रूम का ताला तोड़कर सामान की चोरी
इन सभी वस्तुओं की अनुमानित कुल कीमत 30,000 रुपये बताई गई है। स्कूल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन चोरियों की वजह से शैक्षणिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है और स्कूल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
प्राचार्य ने पुलिस से मांग की है कि स्कूल परिसर में सुरक्षा बढ़ाई जाए और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।