छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक की तारीख तय, जानिए कब शुरू होगी बारिश

राज्य भर में तेज गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून 13 से 15 जून के बीच दस्तक दे सकता है। जैसे ही मानसून प्रदेश में प्रवेश करेगा, गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप से राहत मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल रायपुर संभाग के दो जिलों और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में दो डिग्री तक बढ़ोतरी भी हो सकती है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने देश के दक्षिणी छोर निकोबार द्वीप समूह पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। यह संकेत है कि अब मानसून धीरे-धीरे पूरे देश की ओर बढ़ रहा है। रविवार को यह मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और दक्षिण अंडमान सागर तक पहुंच चुका है। इसके 31 मई तक केरल पहुंचने की उम्मीद जताई गई है, जिसके बाद यह मध्य भारत की ओर रुख करेगा।

छत्तीसगढ़ में हर साल मानसून की समय पर आमद किसानों के लिए बेहद अहम होती है। कृषि पर निर्भर राज्य की अर्थव्यवस्था मानसून पर काफी हद तक निर्भर करती है। मानसून की तय तारीख पर पहुंचने की उम्मीद से किसानों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई है।

बारिश के पहले संकेत:

राजधानी रायपुर समेत कुछ इलाकों में सुबह-शाम हल्के बादल छाए रहने और बूँदाबाँदी के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे मानसून की रेखा उत्तर की ओर बढ़ेगी, वैसे-वैसे राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।

प्रदेश में मानसून के पहुंचने के साथ ही खरीफ सीजन की तैयारी भी तेज हो जाएगी। किसान खेतों की जुताई और बीजों की तैयारी में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *