सरायपाली। ग्राम तोरेसिंहा के पास एक गंभीर सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। घटना 17 मई की रात करीब 8:30 बजे की है, जब युवक अपने साथी के साथ पैदल घर लौट रहा था। पीछे से तेज गति से आ रही एक बाइक ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुशांत भोई (24 वर्ष), पिता जयलाल भोई, निवासी तोरेसिंहा, अपने साथी वेद कुमार कुल्हाडा उर्फ टिकेपीला के साथ गांव से घर की ओर लौट रहा था। जैसे ही वे दिव्य किशोर आचार्य के घर के पास पहुंचे, तो तोरेसिंहा बस्ती की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से आकर सुशांत को टक्कर मार दी। बाइक में तीन लोग सवार थे।
हादसे में सुशांत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक के पीछे बैठा बलराम भोई (ग्राम भुथिया) भी गिर पड़ा। बाइक चालक और बीच में बैठा व्यक्ति भी सड़क पर गिर गए, लेकिन वे तुरंत बाइक उठाकर वहां से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और घायल सुशांत को तत्काल शासकीय अस्पताल सरायपाली पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच और गवाहों के बयान के आधार पर बाइक चालक की पहचान शंख (निवासी ग्राम कुण्डापाली) के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से वाहन चलाना), 337 (दूसरे को चोट पहुँचाना) और 304(ए) (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतक के परिजन शोकाकुल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।