मानसून अलर्ट: तय तारीख को दस्तक देगा मानसून, इस बार ज़्यादा बारिश के संकेत

नई दिल्ली। देशभर के लोगों के लिए राहत की खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि इस वर्ष मानसून समय पर दस्तक देगा और सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों के भीतर केरल तट पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की पूरी संभावना है।

आईएमडी ने बताया कि केरल में मानसून के प्रवेश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। मौसम में बदलाव के संकेत स्पष्ट हैं और अगले कुछ दिनों में हवाओं की दिशा और नमी में बढ़ोतरी के साथ बारिश की शुरुआत हो सकती है।

मौसम विज्ञान महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, देशभर में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की वर्षा लंबी अवधि के औसत का लगभग 106% रह सकती है। यह आंकड़ा सामान्य से अधिक वर्षा का सूचक है और इसका सीधा लाभ खरीफ फसलों की बुआई से लेकर जल संसाधनों की उपलब्धता तक पर पड़ेगा।

क्षेत्रवार अनुमान:

  • उत्तर पूर्व भारत: यहां सामान्य से कम वर्षा हो सकती है।
  • उत्तर पश्चिम भारत: बारिश सामान्य रहने की उम्मीद है।
  • मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत: इन क्षेत्रों में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है।

आईएमडी ने यह भी बताया कि जून महीने में तापमान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है। हालांकि, दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर बाकी क्षेत्रों में अत्यधिक गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं।

खेती-किसानी पर असर
इस मानसून पूर्वानुमान से किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। सामान्य से अधिक बारिश से खरीफ फसलों की बुआई सुचारू रूप से होने की संभावना है। जलाशयों और नदियों में भी जल स्तर बढ़ेगा जिससे आने वाले महीनों में जल संकट से राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *