जशपुर। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक प्रमुख पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल की मदद से लगातार फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 मई 2024 को थाना बगीचा को एक मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम पेटा के निवासी कलीम अंसारी झारखंड की ओर पशु तस्करी कर रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बगीचा ने तुरंत पुलिस अधीक्षक को इस मामले से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने ग्राम टांगरडीह के पास कलीम अंसारी को 6 बैलों के साथ पकड़ा, जो तेज गति से और मारपीट करते हुए झारखंड की ओर जा रहा था। पूछताछ में कलीम ने माना कि ये सभी बैल अवैध तरीके से ले जा रहा था। पुलिस ने बैलों को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस गिरफ्तारी में निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजनाथ भगत, पुलिस आरक्षक लक्ष्मण सिंह, मुकेश पाण्डेय, उमेश भारद्वाज और अन्य पुलिस कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में पशु तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो जल्द ही सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाएगी।