बरगढ़ की धरती से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का हुंकार – “ओडिशा को अब चाहिए छत्तीसगढ़ मॉडल

Deputy Chief Minister Vijay Sharma
Deputy Chief Minister Vijay Sharma

बरगढ़ (ओडिशा), 17 मई 2024: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज ओडिशा के बरगढ़ लोकसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में माहौल को पूरी तरह से गर्मा दिया। सभा के बाद उन्होंने एक भव्य रोड शो भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखी गई।

सभा की शुरुआत में श्री शर्मा ने जनता का आभार जताते हुए कहा, “रोटी, कपड़ा, मकान जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है हमारा आत्मसम्मान। जब से प्रभु श्रीराम का मंदिर अयोध्या में बना है, तभी से मेरे आत्मसम्मान को पूर्णता मिली है। आज मेरी छाती 56 इंच की है।”

छत्तीसगढ़ मॉडल का दिया परिचय

श्री शर्मा ने छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि, “हमारी सरकार हर अंत्योदय राशन कार्ड धारक को 10 किलो अनाज देती है – जिसमें 5 किलो केंद्र सरकार और 5 किलो राज्य सरकार का योगदान है। किसानों को धान पर समर्थन मूल्य 2183 रुपये के अलावा 917 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है।”

उन्होंने ‘महतारी वंदन योजना’ की भी चर्चा की और बताया कि राज्य में हर माता-बहन को प्रति माह 1000 रुपये सीधे उनके खाते में दिए जाते हैं। “नई सरकार बनने के बाद यह राशि तीन बार दी जा चुकी है और आगे भी यह योजना पूरी प्रतिबद्धता से जारी रहेगी,” उन्होंने कहा।

ओडिशा को घेरा, बदलाव की अपील

ओडिशा की वर्तमान सरकार को घेरते हुए विजय शर्मा ने सवाल उठाया –
“25 वर्षों से एक ही सरकार चल रही है, लेकिन जनता को अब यह सोचना होगा कि इतने वर्षों में उन्हें क्या मिला?”
उन्होंने जोर देकर कहा कि ओडिशा को अब छत्तीसगढ़ जैसे जन-कल्याणकारी मॉडल की जरूरत है।

मोदी सरकार की तारीफों के पुल

श्री शर्मा ने केंद्र में मोदी सरकार की नीतियों की जमकर सराहना की और कहा कि, “जम्मू-कश्मीर अब हमारा पूरी तरह अभिन्न हिस्सा है, धारा 370 का खात्मा ऐतिहासिक कदम था। पहले लोग कहते थे खून की नदियां बहेंगी, लेकिन आज वहां सिनेमा हॉल में फिल्में देखी जा रही हैं। पत्थरबाजी की घटनाएं बंद हो चुकी हैं और आम जनता खुशहाल जीवन जी रही है।”

उन्होंने आगे कहा, “पाकिस्तान अब हमारी तरफ आंख उठाकर नहीं देखता, क्योंकि हम उसे उसी की भाषा में जवाब देना जानते हैं। आज हमारी सेनाएं आत्मनिर्भर हैं, और देश से ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों का निर्यात हो रहा है।”

मोदी सरकार की योजनाएं – देश की रीढ़

श्री शर्मा ने यह भी बताया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में नेशनल हाईवे का निर्माण हर दिन 25-35 किलोमीटर की रफ्तार से हो रहा है।
उन्होंने कहा कि, “2014 में देश में केवल 6 AIIMS थे, आज 21 AIIMS काम कर रहे हैं। माताओं और बहनों के लिए घर-घर शौचालय, किसानों के लिए सम्मान निधि, और आने वाले कार्यकाल में 3 करोड़ नए प्रधानमंत्री आवास बनाने का संकल्प – ये सब मोदी जी की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।”

ओडिशा से भाजपा को जिताने की अपील

अंत में विजय शर्मा ने ओडिशा की जनता से अपील करते हुए कहा, “यह चुनाव सिर्फ वोट का नहीं, बल्कि भविष्य चुनने का चुनाव है। छत्तीसगढ़ में विकास की जो बयार चली है, वह अब ओडिशा तक पहुंचनी चाहिए। एक मौका भाजपा को दीजिए, फिर देखिए बदलाव कैसे आता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *