रायपुर, छत्तीसगढ़ : प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। विशेष रूप से सरगुजा संभाग में शीतलहर का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। सोमवार को अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां 7.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं दूसरी ओर, दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन में हल्की गर्माहट बनी रही।
अभी दो दिन रहेगा मौसम स्थिर, फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में गिरावट की संभावना है, जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रदेश के आउटर इलाकों में कोहरा छाने और ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं।
इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा और कोई वर्षा या विशेष मौसमी गतिविधि नहीं होगी। लेकिन दो दिनों बाद मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा।
पश्चिमी विक्षोभ का असर: ठंड को देगा और बढ़ावा
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। यह मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल स्तर पर एक द्रोणिका के रूप में फैला हुआ है, जिसकी स्थिति 25°N अक्षांश और 71°E देशांतर पर समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर मानी जा रही है।
यह मौसमीय प्रणाली धीरे-धीरे उत्तर भारत से होते हुए मध्य भारत की ओर प्रभाव डाल सकती है, जिससे छत्तीसगढ़ में तापमान में गिरावट और सर्द हवाओं की गति में इजाफा हो सकता है।
रायपुर में मौसम साफ, लेकिन ठंड की दस्तक
मंगलवार को राजधानी रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद जताई गई है। हालांकि दिन में धूप रहने से हल्की राहत मिल सकती है, लेकिन रात और सुबह के समय सर्दी और ठिठुरन का असर साफ महसूस होगा।