महासमुंद, छत्तीसगढ़:
सुशासन तिहार के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जिला महासमुंद के जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी स्थिति व सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के प्रति आत्मीयता दर्शाते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी मौजूद रहे।
मरीजों से किया आत्मीय संवाद
मुख्यमंत्री साय सबसे पहले मेल वार्ड पहुँचे, जहाँ उन्होंने 60 वर्षीय गंगाराम से उनकी तबीयत पूछी। मरीज ने इलाज और डॉक्टरों की सेवा की सराहना की। इसके बाद मुख्यमंत्री डायलिसिस वार्ड पहुँचे और वहाँ भर्ती किडनी पीड़ित मरीजों से मिले।
अतुल चंद्राकर को मिला जीवनदायी भरोसा
डायलिसिस वार्ड में अतुल चंद्राकर, जो किडनी ट्रांसप्लांट की आवश्यकता से जूझ रहे हैं, उन्होंने मुख्यमंत्री से सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कहा,
“डोनर की व्यवस्था होते ही किडनी ट्रांसप्लांट का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।”
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से अतुल चंद्राकर और उनके परिजनों के चेहरे पर राहत और उम्मीद की झलक दिखाई दी।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज मिले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अस्पताल स्टाफ और अनेक मरीज व परिजन मौजूद रहे।