रायपुर। छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ मानी जाने वाली मितानिन बहनों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ी राहत और सम्मान की सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि अब राज्य की सभी मितानिनों को हर महीने नियमित रूप से उनका मानदेय सीधे बैंक खाते में प्रदान किया जाएगा। यह व्यवस्था “महतारी वंदन योजना” की तर्ज पर लागू की जा रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मितानिन बहनों ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में वे स्वास्थ्य की पहली प्रहरी हैं। ऐसे में राज्य सरकार का यह नैतिक दायित्व बनता है कि उन्हें समय पर सम्मानजनक मानदेय प्रदान किया जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घोषणा की कि बहुत जल्द मितानिनों के मानदेय का भुगतान ऑनलाइन बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री साय की अगुवाई में “स्वस्थ छत्तीसगढ़” की संकल्पना को साकार किया जा रहा है और इसी क्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।