रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की दूरदर्शी पहल के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों के साथ-साथ कुशल स्वास्थ्य कर्मियों की भर्ती भी तेज़ी से की जा रही है। इसी क्रम में अब स्वास्थ्य विभाग में कुल 650 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अनुमति मिल गई है, जिससे प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वित्त विभाग ने स्वास्थ्य विभाग को स्टॉफ नर्स, टेक्नीशियन, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, ड्रेसर, वार्ड वॉय, वार्ड आया जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती के लिए हरी झंडी दे दी है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि कुल 650 पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान की गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कहा कि जल्द ही इन पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा, ताकि अस्पतालों में आवश्यक स्टाफ की कमी को दूर किया जा सके।
वित्त विभाग द्वारा स्वीकृत पदों की संख्या इस प्रकार है:
- स्टॉफ नर्स – 225 पद
- सायकेट्रिक नर्स – 5 पद
- ओ.टी. टेक्नीशियन – 15 पद
- डेंटल टेक्नीशियन – 5 पद
- ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष एवं महिला) – 100-100 पद
- सहायक ग्रेड-3 – 25 पद
- फार्मासिस्ट ग्रेड-2 – 25 पद
- ड्रेसर ग्रेड-1 – 50 पद
- वार्ड वॉय एवं वार्ड आया – 50-50 पद
यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने इस भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया है ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
प्रदेशवासियों के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है, जो प्रदेश के स्वास्थ्य सेवा स्तर को अगले स्तर पर ले जाने में सहायक होगी। इस पहल से छत्तीसगढ़ में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रसार होगा और स्वास्थ्य कर्मियों की कमी को भी दूर किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सक्रियता से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की यह दिशा प्रदेश के लिए गर्व की बात है।