भाजपा के वरिष्ठ नेता की स्वास्थ्य स्थिति गंभीर, मेदांता में डॉक्टरों की निगरानी में

नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता प्रभात झा की हालत इस समय गंभीर बनी हुई है। हार्ट अटैक की शिकायत के बाद उन्हें करीब 27 दिन पहले गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वे अब भी डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में इलाजरत हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। मध्यप्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अजय विश्नोई ने हाल ही में मेदांता अस्पताल जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से झा जी के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की है।

प्रभात झा का राजनैतिक और संगठनात्मक योगदान

प्रभात झा भारतीय जनता पार्टी के उन चंद नेताओं में रहे हैं, जिन्होंने संगठन से लेकर चुनावी रणनीतियों तक हर स्तर पर पार्टी को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

  • वे तीन बार राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
  • भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय सचिव जैसे दायित्व भी संभाल चुके हैं।
  • राजनाथ सिंह के अध्यक्षीय काल में पार्टी के पंजाब और चंडीगढ़ प्रभारी थे।
  • छत्तीसगढ़ में भाजपा की पहली सरकार के गठन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके अलावा, झा जी ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर की संकल्पना और स्थापना में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश में भाजपा की मीडिया विंग को संगठित और सशक्त बनाने का कार्य किया। वे प्रदेश के पहले संवाद एवं सम्पर्क प्रमुख भी रहे, जिसे बाद में मीडिया प्रभारी का नाम दिया गया।

एक कार्यकर्ता प्रिय नेता

भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी और अधिवक्ता मनीष मिश्रा ने बताया कि प्रभात झा उन नेताओं में से थे जिन्होंने कार्यकर्ताओं के दर्द और ज़रूरतों को सबसे बेहतर समझा। पार्टी अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने प्रदेश के सैकड़ों मंडलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया, जो आज के समय में दुर्लभ है।

उनकी संगठन के प्रति समर्पण और निरंतर यात्राओं के कारण वे डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी स्वास्थ्य स्थिति प्रभावित हुई।

दुआओं का दौर

प्रभात झा की हालत को लेकर भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *