धमतरी, छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को धमतरी जिले को बड़ी विकास सौगात देते हुए कुल 55.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित और प्रस्तावित 122 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री द्वारा 16.04 करोड़ रुपये की लागत से बने 101 कार्यों का लोकार्पण और 39.11 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 21 कार्यों का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर और सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार भी उपस्थित रहे।
लोकार्पित कार्यों का विवरण:
- नगर निगम धमतरी के अंतर्गत 77 कार्य – ₹10.31 करोड़
- ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग धमतरी – 9 कार्य – ₹2.64 करोड़
- कृषि विभाग – 3 कार्य – ₹1.10 करोड़
- अन्य विभागीय कार्य – 5 कार्य – ₹98.24 लाख
- लोक निर्माण विभाग (PWD) – 1 कार्य – ₹53.41 लाख
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास (जनपद पंचायत नगरी) – 4 कार्य – ₹36.17 लाख
- वन विभाग – 2 कार्य – ₹9.50 लाख
शिलान्यास किए गए प्रमुख कार्य:
- जल प्रबंध संभाग रुद्री – 2 कार्य – ₹12.92 करोड़
- लोक निर्माण विभाग (PWD) – 3 कार्य – ₹11.19 करोड़
- नगर निगम धमतरी – 14 कार्य – ₹11 करोड़
- विद्युत विभाग – 1 कार्य – ₹3.78 करोड़
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास (जनपद पंचायत नगरी) – 1 कार्य – ₹19.96 लाख
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में अधोसंरचना, सिंचाई, बिजली, शहरी और ग्रामीण विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से नगर निगम और ग्रामीण यांत्रिकी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और जिले में इस ऐतिहासिक निवेश का स्वागत किया।