अब परिवर्तन का समय है, ओडिशा से बीजेडी की विदाई जरूरी – बोले विष्णु देव साय

संबलपुर/रायपुर। ओडिशा की राजनीति इन दिनों परिवर्तन के मोड़ पर खड़ी दिखाई दे रही है। बीते 25 वर्षों से राज्य की सत्ता पर काबिज बीजेडी सरकार को लेकर जनता के बीच नाराजगी का माहौल है। इसी बीच भाजपा ने ओडिशा में अपनी डबल इंजन सरकार के पक्ष में जोरदार अभियान छेड़ दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संबलपुर लोकसभा के कुचिंदा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेडी सरकार पर करारा प्रहार किया।

“25 साल से जो जनता की भाषा, भावनाएं और ज़रूरतें नहीं समझ सका, वह अब ओडिशा की आकांक्षाओं को कैसे पूरा करेगा?” – यह सवाल करते हुए सीएम साय ने बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ओडिशा जैसे समृद्ध राज्य को आज भी पिछड़ेपन की छवि से बाहर नहीं निकलने दिया गया। जंगल, खनिज, संस्कृति और मेहनती जनता के बावजूद राज्य को विकास की मुख्यधारा से वंचित रखा गया।

मोदी की गारंटी बनाम बीजेडी की वास्तविकता

सभा के दौरान विष्णु देव साय ने मोदी सरकार की उपलब्धियों और ‘मोदी की गारंटी’ का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल 3 महीनों में छत्तीसगढ़ में उनकी सरकार ने जो वादे पूरे किए, वह बीजेडी 25 वर्षों में नहीं कर सकी। उन्होंने बताया कि 18 लाख पीएम आवास की स्वीकृति, किसानों को दो साल का बोनस, तेंदूपत्ता की रिकॉर्ड कीमत और महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत सम्मानजनक सहायता—ये सब कुछ भाजपा के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को दर्शाता है।

ओडिशा में भाजपा सरकार बनने पर किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य, महिलाओं को 50 हजार का वाउचर, बुजुर्गों और दिव्यांगों को 3000 रुपये मासिक भत्ता, छोटे व्यवसायियों को 50 हजार का लोन और 25 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने जैसे वादों को उन्होंने दोहराया।

धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में एकजुटता

सभा में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को संबलपुर से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने को “संबलपुर का सौभाग्य” बताते हुए सीएम साय ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान जैसे अनुभवी नेता के पास नेतृत्व की वह क्षमता है, जो ओडिशा को नए युग की ओर ले जा सकती है।

‘8 पीएम – नो सीएम’ का कटाक्ष

रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने बीजेडी सरकार की कार्यशैली पर व्यंग्य करते हुए कहा, “यहाँ के सीएम रात आठ बजे के बाद गायब हो जाते हैं। जनता से मिलने के लिए उनके दरवाजे बंद हो जाते हैं। ऐसे मुख्यमंत्री से जनता को क्या उम्मीद रखनी चाहिए।

बीजेडी पर योजनाओं की विफलता और क्रेडिट लेने का आरोप

वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने बीजेडी सरकार पर केंद्र की योजनाओं को रोकने, भ्रष्टाचार करने और यहां तक कि मोदी जी की योजनाओं पर अपने नेताओं की फोटो लगाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तालाब का पानी अगर 25 साल तक न बदले, तो वह भी सड़ने लगता है। यही हालत ओडिशा की सरकार की हो चुकी है।

जनता को संकल्प लेना होगा

सभा में भाजपा के कई स्थानीय और राज्य स्तरीय नेताओं ने भी भाग लिया और लोगों से इस चुनाव में भाजपा को विजयी बनाने और ओडिशा में ‘परिवर्तन की लहर’ लाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *