रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम में सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और नशे में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अब तक धाम के प्रतिबंधित क्षेत्र में रील्स बनाते हुए 84 लोगों का चालान किया है, वहीं नशे में उत्पात मचाने वाले 59 व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने बताया कि केदारनाथ धाम के 50 मीटर की परिधि में रील्स और वीडियो बनाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि धार्मिक स्थल का पवित्र वातावरण बना रहे।
हाल ही में शुक्रवार को चार लोगों को रील्स बनाते हुए पकड़ा गया और उनका चालान किया गया। इससे पहले भी पुलिस ने 80 लोगों को ऐसे ही प्रतिबंधित क्षेत्र में रील्स बनाते हुए धर दबोचा था। साथ ही नशे में हुड़दंग फैलाने वालों के खिलाफ भी शिकंजा कसा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे इस नियम का सम्मान करें और मंदिर परिसर में शांति और अनुशासन बनाए रखें।